लोहाघाट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत आयोजित महिला एवं बाल सम्मान समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभाग किया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं, मेधावी विद्यार्थियों, पूर्व सैनिक और स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं का प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सरकारी सेवाओं में चयनित होना अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बच्चों की सफलता में अभिभावकों के योगदान की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान की शपथ भी दिलाई।
समारोह में आस्तिका पाण्डेय, गौरव राय, मयंक राय, अनिमेष पुनेठा और मेहुल खर्कवाल को सम्मानित किया गया। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देने वाले पूर्व सैनिक मनोज करायत को भी सम्मान मिला। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों तथा नगर पालिका के स्वच्छता कार्यों में योगदान देने वाले छह लोगों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए मटका फोड़, रस्साकशी, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। वहीं बच्चों ने चित्रकला, फैंसी ड्रेस और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द वर्मा सहित सभासद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।