देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शुक्रवार को गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में 11वें राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मेलन ‘होमकॉन-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सा पद्धति की सार्थकता वैज्ञानिक मूल्यांकन, सुरक्षा और रोगी के हितों पर निर्भर करती है। होम्योपैथी सहित सभी चिकित्सा पद्धतियों में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और चिकित्सा संबंधी दावों का मूल्यांकन विश्वसनीय वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर होना चाहिए।
सम्मेलन की थीम ‘इंस्पायरिंग द नेक्स्ट जनरेशन ऑफ होम्योपैथ्स’ का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भावी चिकित्सकों को सक्षम, संवेदनशील और अनुसंधानशील बनाना जरूरी है। चिकित्सा केवल आजीविका नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का क्षेत्र है। चिकित्सकों को मरीजों के विश्वास की रक्षा करते हुए नैतिक मूल्यों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वस्थ और समर्थ भारत का संकल्प महत्वपूर्ण है। योग, आयुर्वेद, यूनानी, प्राकृतिक चिकित्सा, एलोपैथी और होम्योपैथी के बीच संवाद एवं ज्ञान का आदान-प्रदान बढ़ाया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने चिकित्सा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल स्वास्थ्य प्रणालियों की उपयोगिता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में सहायक हो सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि होमकॉन-2026 में विशेषज्ञों का विमर्श अनुसंधान, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा।